बुंविवि के भास्कर इंस्टीट्यूट ने इंडिया टुडे एमडीआरए रैंकिंग 2026 में हासिल की देशव्यापी पहचान - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, June 29, 2026

बुंविवि के भास्कर इंस्टीट्यूट ने इंडिया टुडे एमडीआरए रैंकिंग 2026 में हासिल की देशव्यापी पहचान

देश में 42 एवं प्रदेश में प्रथम पांच में बनाया स्थान

देवेश प्रताप सिंह राठौर 

उत्तर प्रदेश, झांसी । मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर स्थापित करते हुए, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के भास्कर इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज्म ने प्रतिष्ठित इंडिया टुडे- एमडीआरए बेस्ट कॉलेजेस रैंकिंग 2026 में पहली बार भाग लेते हुए, संस्थान ने (स्नातक) मास कम्यूनिकेशन / जर्नलिज्म कैटेगरी में देश भर में 42वीं रैंक हासिल करते हुए शीर्ष 50 में जगह बनाई है। इस सफलता के परिणाम स्वरुप संस्थान आईआईएमसी (नई दिल्ली), सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी और मनिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ कम्यूनिकेशन (MAHE) जैसे देश के शीर्ष व एलीट मीडिया संस्थानों की कतार में आ गया है।




इस अभूतपूर्व सफलता पर प्रो मुकेश पाण्डेय, माननीय कुलपति विश्वविद्यालय ने कहा कि "राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष पायदान पर यह शानदार एंट्री हमारे विश्वविद्यालय में शैक्षणिक उत्कृष्टता के बदलते प्रतिमान का प्रमाण है। बीआईएमसीजे की इस बेहतरीन शुरुआत ने साबित कर दिया है कि यदि प्रतिबद्धता और सही रणनीति के साथ काम किया जाए, तो हमारे विभाग राष्ट्रीय स्तर पर गौरव हासिल कर सकते हैं।"

इस गौरवपूर्ण क्षण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन सेल (IQAC) के निदेशक प्रो. सुनील कुमार काबिया ने टीम की सराहना करते हुए कहा "अपने पहले ही प्रयास में 42वीं रैंक सुरक्षित करना एक असाधारण उपलब्धि है। यह मूल्यांकन उच्च शैक्षणिक मानकों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है और संस्थान के अन्य सभी विभागाध्यक्षों (HODs) के लिए भी एक बेहतरीन प्रेरणास्रोत है।"


संस्थान के समन्वयक डॉ. कौशल त्रिपाठी ने कहा-

"यह राष्ट्रीय पहचान हमारी समर्पित टीम के अथक प्रयासों और दिन-रात की गई कड़ी मेहनत का सीधा परिणाम है। मैं अपने सहयोगी डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. राघवेंद्र दीक्षित, और हमारे शोधार्थी (स्कॉलर) देवेंद्र व अतीत विजय को उनकी इस उत्कृष्ट मेहनत के लिए विशेष रूप से धन्यवाद और हार्दिक बधाई देता हूँ।" 

यह रैंक इंडिया टुडे के बेहद कड़े और व्यापक मूल्यांकन के आधार पर मिली है, जिसमें 65 प्रतिशत प्रामाणिक डेटा और 35 प्रतिशत देशव्यापी सर्वे को शामिल किया जाता है। यह रैंकिंग मुख्य रूप से संस्थान की प्रोफाइल व वैधानिक मान्यता, उच्च शिक्षित व पीएचडी-धारक संकाय (Faculty) की गुणवत्ता, आधुनिक डिजिटल मीडिया लैब्स व स्मार्ट क्लासरूम जैसे बुनियादी ढांचे, तथा पाठ्यक्रम की प्रासंगिकता पर आधारित है। इसके साथ ही इसमें छात्रों के मीडिया इंडस्ट्री व इन-हाउस इंटर्नशिप जुड़ाव, बेहतरीन प्लेसमेंट व निवेश पर शानदार रिटर्न (ROI), छात्र क्लबों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास और देश भर के मीडिया विशेषज्ञों व रिक्रूटर्स के बीच संस्थान की साख व प्रतिष्ठा जैसे महत्वपूर्ण मापदंडों को बारीकी से परखा गया है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages