जिला अस्पताल की ब्लड बैंक टीम ने पेश की मानवता की मिसाल रोती-बिलखती महिला की मदद कर बचाई बेटी की जान - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, June 29, 2026

जिला अस्पताल की ब्लड बैंक टीम ने पेश की मानवता की मिसाल रोती-बिलखती महिला की मदद कर बचाई बेटी की जान

समाजसेवी चेतन मिश्रा ने पूरी टीम का किया सम्मान

देवेश प्रताप सिंह राठौर 


उत्तर प्रदेश, उन्नाव - जब मानवता की बात आती है, तब कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो बिना किसी स्वार्थ के दूसरों की मदद के लिए आगे बढ़ते हैं। ऐसा ही प्रेरणादायक दृश्य शुक्रवार को जिला अस्पताल उन्नाव में देखने को मिला। चौरा रोड, लोकनगर निवासी गीता देवी सुबह लगभग 11 बजे से जिला अस्पताल के बाहर अपनी बेटी के लिए एक यूनिट रक्त की व्यवस्था करने हेतु लोगों से मदद की गुहार लगा रही थीं। उन्होंने रिश्तेदारों, परिचितों और आने-जाने वाले लोगों से रक्तदान की अपील की, लेकिन किसी ने भी उनकी सहायता नहीं की। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वह बाहर से रक्त खरीदने में भी असमर्थ थीं।


महिला की स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल की ब्लड बैंक टीम ने तत्काल मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। सीएमएस डॉ. सुनील कुमार शुक्ला के नेतृत्व में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर महिला की बेटी के उपचार हेतु एक यूनिट रक्त उपलब्ध कराया गया। रक्त मिलने के बाद मरीज को तुरंत रक्त चढ़ाया गया, जिससे उसके उपचार में महत्वपूर्ण सहयोग मिला। रक्त मिलने के बाद गीता देवी भावुक हो गईं। उन्होंने हाथ जोड़कर पूरी ब्लड बैंक टीम का धन्यवाद किया और खुशी के आँसुओं के साथ बार-बार “ब्लड बैंक की जय हो” कहते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। यह भावुक दृश्य देखकर उपस्थित लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

इस मानवीय कार्य की जानकारी जैसे ही कर्म क्रांति सेवा फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष चेतन मिश्रा को मिली, वह जिला अस्पताल पहुंचे और सीएमएस सहित पूरी ब्लड बैंक टीम का सम्मान कर उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि किसी भी जरूरतमंद परिवार को रक्त संबंधी सहायता की आवश्यकता हो तो कर्म क्रांति सेवा फाउंडेशन हर संभव सहयोग के लिए सदैव तैयार रहेगा। इसके बाद चेतन मिश्रा ने सभी स्टाफ सदस्यों को सम्मान स्वरूप पटका पहनाकर महिला की ओर से पुनः धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस पुनीत एवं मानवीय कार्य में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अनुराग कुमार, सीएमएस कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर हर्ष तिवारी, लैब टेक्नीशियन निर्मेश पटेल, महेंद्र वर्मा, अमिताभ सिंह, सुनील कुमार पाल, राजेश कुमार , पंकज कुमार, दिनेश कुमार गौरव निगम , तथा सोनी देवी एवं स्मृति गुप्ता सहित पूरी ब्लड बैंक टीम का विशेष सहयोग रहा। मानवता की सच्ची पहचान यही है कि जब अपने भी साथ छोड़ दें, तब कोई अनजान व्यक्ति मदद के लिए आगे आए। जिला अस्पताल उन्नाव की ब्लड बैंक टीम ने अपने इस कार्य से समाज के सामने सेवा और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages