बांदा, के एस दुबे । जनपद में दुष्कर्म जैसी संगीन वारदात के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से आहत पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक का दरवाजा खटखटाया है। एफआईआर दर्ज होने के 10 दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे पीड़िता और उसका परिवार खौफ के साए में जीने को मजबूर है। पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र सौंपकर सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।एसपी को दिए शिकायती पत्र में पीड़िता ने बताया कि बीते 18 मई 2026 को वह अपने घर में अकेली थी। इसी का फायदा उठाकर गांव के ही निवासी भिल्ला पुत्र रज्जाक ने घर में घुसकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़िता के मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर स्थानीय थाने में 23 मई
2026 को आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस की सुसंगत धाराओं 127(2), 333 और 61(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़िता का आरोप है कि जब से पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है, तब से आरोपी और उसके पक्ष के लोग लगातार उस पर और उसके परिवार पर राजीनामा करने का चौतरफा दबाव बना रहे हैं। पीड़िता ने दृढ़ता से कहा कि वह किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी और आरोपी को न्यायालय से सजा दिलाकर रहेगी। इसी बात से बौखलाए आरोपी और उसके अज्ञात साथी रास्ते में आते-जाते समय पीड़िता व उसके परिजनों को घेरकर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
पीड़िता ने जिला पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इलाकाई पुलिस द्वारा अभी तक अभियुक्त को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस की इस ढिलाई के कारण आरोपी के हौसले बुलंद हैं और वह खुलेआम घूम रहा है, जिससे पीड़ित परिवार के साथ कभी भी कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती है। विशेष टीम गठित करने की मांगरू पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुए मांग की है कि अभियुक्त को अविलंब सलाखों के पीछे भेजने के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया जाए, ताकि उसे और उसके परिवार को भयमुक्त माहौल और सुरक्षा मिल सके।


No comments:
Post a Comment