मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग
बांदा, के एस दुबे । देहात कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत महोखर में मंगलवार सुबह खाना बनाते समय एक घर में अचानक आग लग गई। रसोई गैस सिलेंडर से भड़की इस भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पीड़ित परिवार की जीवन भर की कमाई और लाखों रुपये की गृहस्थी जलकर पूरी तरह खाक हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महोखर निवासी श्रीराम प्रजापति की पत्नी मालती मंगलवार सुबह करीब 9 बजे अपने कमरे में खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक एचपी गैस सिलेंडर में रिसाव होने के कारण आग लग गई। जब तक मालती कुछ समझ पातीं और आग पर काबू पाया जाता, तब तक लपटों ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आस-पास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। फायर
ब्रिगेड ने पाया काबू, तब तक सब कुछ हो चुका था राख घटना की सूचना तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों और स्थानीय लोगों ने कड़े मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और पीड़ित परिवार का सारा सामान मलबे में तब्दील हो चुका था।पीड़ित गृहस्वामी श्रीराम प्रजापति ने रोते हुए बताया कि इस अग्निकांड में उनका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग की भेंट चढ़े सामान की सूची देते हुए उन्होंने बताया कि घर में रखा 13 क्विंटल गेहूं, 2 क्विंटल चावल और 4 क्विंटल सरसों जलकर कोयला हो गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम ने भी तत्काल मौके का मुआयना किया। लेखपाल व अन्य राजस्व कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर हुए नुकसान का बारीकी से आकलन किया है। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि शासन स्तर से मिलने वाली हर संभव दैवीय आपदा राहत सहायता उन्हें जल्द से जल्द दिलाई जाएगी।


No comments:
Post a Comment