बांदा, के एस दुबे । भीषण गर्मी के इस दौर में कलेक्ट्रेट गेट पर आम जनता के लिए शुरू की गई शीतल पेयजल छबील व्यवस्था लगातार दूसरे महीने भी लोगों के लिए बड़ा सहारा बनी हुई है। कलेक्ट्रेट आने वाले फरियादियों और आम जनता द्वारा इस मानवीय पहल की जमकर सराहना की जा रही है और इसमें लोग भरपूर उत्साह से भाग ले रहे हैं।इसी क्रम में आज भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, बाँदा द्वारा इस छबील पर विशेष सहयोग किया गया। सोसाइटी के सदस्यों ने कलेक्ट्रेट आने-जाने वाले लोगों और दूर-दराज के गांवों से अपनी समस्याओं को लेकर आने वाले ग्रामीणों के लिए शीतल पेयजल के साथ-साथ पेठा और बिस्कुट आदि की विशेष व्यवस्था की। गर्मी के मौसम में अपनी शिकायतों और प्रशासनिक कार्यों के लिए जिला मुख्यालय आने वाले ग्रामीणों को इस चिलचिलाती धूप में
कलेक्ट्रेट गेट पर ही ठंडा पानी और जलपान मिल जाने से काफी राहत मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तपती धूप में कलेक्ट्रेट परिसर के ठीक बाहर ऐसी व्यवस्था होना किसी वरदान से कम नहीं है। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि मानवता की सेवा के संकल्प के साथ यह प्रयास किया गया है, ताकि दूर-दराज से भूखे-प्यासे आने वाले लोगों को कुछ राहत पहुंचाई जा सके। इस व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में स्थानीय लोगों और समाजसेवियों का भी लगातार सहयोग मिल रहा है।


No comments:
Post a Comment