बांदा, के एस दुबे । जनपद के सदर तहसील अंतर्गत गुरेह गांव में पिछले एक सप्ताह से बिजली न आने से गुस्साए ग्रामीणों का सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। बार-बार शिकायत के बाद भी जब बिजली विभाग के कानों में जूं नहीं रेंगी, तो आक्रोशित ग्रामीणों ने बाँदा-बबेरू मुख्य मार्ग पर जोरदार चक्काजाम कर दिया। भीषण गर्मी के बीच सड़क पर धरने पर बैठे ग्रामीणों के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और पूरा यातायात ठप हो गया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पिछले एक हफ्ते से लाइट पूरी तरह से गुल है। इस संबंध में बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार फोन और लिखित माध्यम से सूचना दी जा रही थी। इसके बावजूद अधिकारियों ने समस्या को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया और बिजली सुचारू करने के
लिए कोई कदम नहीं उठाया। विभागीय लापरवाही से आजिज आकर ग्रामीणों को मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा। जाम लगाए जाने के कारण बाँदा-बबेरू मुख्य मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी लाइनें लग गईं। प्रदर्शनकारी ग्रामीण इस बात पर अड़े रहे कि बिजली विभाग के जिम्मेदार आला अधिकारी खुद मौके पर आएं, गांव की समस्या देखें और लिखित में आश्वासन दें कि बिजली कब तक आएगी, तभी जाम खोला जाएगा।
व्यस्त मार्ग पर लंबा जाम लगने और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी आनन-फानन में अमले के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और बिजली विभाग से बात कर जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाने व सप्लाई सुचारू कराने का ठोस आश्वासन दिया। अधिकारियों की समझाइश और त्वरित कार्रवाई के भरोसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क से धरना खत्म किया, जिसके बाद पुलिस ने यातायात को सुचारू रूप से चालू कराया।


No comments:
Post a Comment