कोटेदारों ने प्रदर्शन कर सीएम को भेजा ज्ञापन - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, June 30, 2026

कोटेदारों ने प्रदर्शन कर सीएम को भेजा ज्ञापन

मांगें पूरी न होने पर अगस्त माह से राशन वितरण कार्य का कोटेदार करेंगे बहिष्कार 

फतेहपुर, मो शमशाद । ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर मंगलवार को जिले के राशन विक्रेताओं ने जिलाध्यक्ष उमेश त्रिवेदी उर्फ निर्माेही के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपते हुए कोटेदारों की लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि उत्तर प्रदेश के कोटेदारों को देश के अन्य राज्यों की तुलना में सबसे कम लाभांश मिल रहा है। जबकि हरियाणा, दिल्ली, गोवा और गुजरात जैसे राज्यों में कोटेदारों को अधिक कमीशन के साथ न्यूनतम मासिक आय की गारंटी भी दी जा रही है। कम लाभांश के कारण प्रदेश के राशन विक्रेताओं के सामने परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो गया है। संगठन ने मांग की कि कोटेदारों का लाभांश बढ़ाकर अन्य

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते कोटेदार।

राज्यों के समान किया जाए, न्यूनतम मासिक आय की गारंटी लागू की जाए तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी सभी लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए। वक्ताओं ने कहा कि कोटेदार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो प्रदेश के करीब 80 हजार कोटेदार अगस्त 2026 से खाद्यान्न वितरण कार्य का बहिष्कार करेंगे। संगठन का कहना है कि बहिष्कार के दौरान राशन वितरण बाधित होने पर उत्पन्न होने वाली किसी भी असुविधा की पूरी जिम्मेदारी शासन और खाद्य एवं रसद विभाग की होगी। जिलाध्यक्ष उमेश त्रिवेदी उर्फ निर्माेही ने कहा कि कोटेदार लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने सरकार से शीघ्र वार्ता कर समस्याओं का समाधान करने की मांग करते हुए कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज किया जाएगा।इस मौके पर मानवेंद्र सिंह, चन्द्रनाथ सेन, विनोद कुमार, इसरार अली, प्रेम नरेंद्र पांडेय आदि कोटेदार मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages