राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर सोशल मीडिया से आपत्तिजनक सामग्री हटाये जाने की मांग
फतेहपुर, मो शमशाद । उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग ने पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद एवं उम्मुल मोमिनीन हजरत आयशा के संबंध में सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। संगठन ने दोषी के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई करने तथा सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों से आपत्तिजनक पोस्ट और तस्वीरें तत्काल हटाने की मांग की।
![]() |
| कलेक्ट्रेट पर ज्ञापन देने के लिए खड़े अल्पसंख्यक कांग्रेस के पदाधिकारी। |
ज्ञापन में कहा गया कि भविष्य में किसी भी धर्म, धार्मिक महापुरुषों, समुदायों, उनकी सांस्कृतिक परंपराओं, खानपान, पर्व-त्योहार, पहनावे और जीवनशैली के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी या व्यंग्य किए जाने पर संबंधित एजेंसियां स्वतः संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के संदेश का हवाला देते हुए नफरत और हिंसक भाषा के विरोध में प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने मुंह, कुछ ने कान और कुछ ने आंखें बंद कर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराया। जिला चेयरमैन अब्दुल हफीज की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष मिस्बाहुल हक, रमजान अली, चंद प्रकाश लोधी चंदन बाबू एडवोकेट, संदीप साहू एडवोकेट, पुष्पा मौर्य एडवोकेट, शकीला बानो, हाफिज फैजान फारुकी, मोहम्मद अजीज, मोहम्मद आलम, एडवोकेट मोहम्मद राशिद सिद्दीकी, नफीस खां एडवोकेट, सैयद आसिफ मोहम्मद एडवोकेट, आमिरुज्जमा खान, ओमप्रकाश गिहार, फिरोज अहमद खां, इश्तियाक अली एडवोकेट, गुलाम जब्बार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment