बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक परीक्षा को पूरी तरह से सकुशल, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद का प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अमित आसेरी एवं पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का धरातल पर उतरकर निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों आला अधिकारियों ने केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा घेरे और आयोग द्वारा तय मानकों की बारीकी से जांच की। मजिस्ट्रेटों की तैनातीरू परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट मुस्तैद किए गए हैं, जो हर गतिविधि पर पैनी नजर
रख रहे हैं। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। इसके साथ ही प्रशासन द्वारा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गड़बड़ी की आशंका या प्रयास पर तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा कि बाहर से आए और स्थानीय सभी अभ्यर्थियों को एक भयमुक्त, निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सुरक्षा से लेकर बुनियादी सुविधाओं तक के सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे कर लिए गए हैं। जनपद प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के इस समन्वित और मुस्तैद प्रयास के चलते जिले में टीजीटी परीक्षा पूरी तरह से शांतिपूर्ण, अनुशासित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो रही है।


No comments:
Post a Comment