बांदा, के एस दुबे । जनपद के तिंदवारी थाना क्षेत्र में थाने से महज कुछ ही दूरी पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ फतेहपुर की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार डंपर ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से भागने में सफल रहा। घटनास्थल थाने के बेहद करीब होने के कारण हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही तिंदवारी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शिनाख्त कराने के लिए पुलिस आसपास के ग्रामीण
इलाकों और पड़ोसी थानों से संपर्क साध रही है, ताकि युवक के परिजनों को हादसे की सूचना दी जा सके। थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात ट्रक और उसके चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से फरार डंपर और चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। थाने से चंद कदम की दूरी पर हुए इस भीषण हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों और डंपरों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिस पर प्रभावी अंकुश लगाया जाना बेहद जरूरी है।


No comments:
Post a Comment