हीमोफीलिया मरीजों को स्थानीय अस्पतालों में जीवनरक्षक इंजेक्शन उपलब्ध कराने की मांग, मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, June 4, 2026

हीमोफीलिया मरीजों को स्थानीय अस्पतालों में जीवनरक्षक इंजेक्शन उपलब्ध कराने की मांग, मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन

बांदा, के एस दुबे । जनता दल (यूनाइटेड) की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में हीमोफीलिया रोगियों की समस्याओं को लेकर मंडलायुक्त चित्रकूट धाम मंडल को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि हीमोफीलिया मरीजों के लिए आवश्यक जीवनरक्षक इंजेक्शन एवं दवाएं प्रत्येक सीएचसी, पीएचसी और जिला अस्पताल में उपलब्ध कराई जाएं। ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में चित्रकूट धाम मंडल के अधिकांश हीमोफीलिया मरीजों को उपचार एवं इंजेक्शन प्राप्त करने के लिए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बांदा आना पड़ता है। मेडिकल कॉलेज के भ्रमण के दौरान यह देखने को मिला कि बांदा, चित्रकूट, महोबा और हमीरपुर सहित विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में मरीज यहां उपचार के लिए पहुंचते हैं। इनमें कई छात्र भी शामिल हैं जिनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को केवल इंजेक्शन लगवाने के लिए बार-बार लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे उन्हें आर्थिक, शारीरिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शालिनी सिंह


पटेल ने कहा कि कई मरीजों को सुबह एवं शाम दोनों समय इंजेक्शन की आवश्यकता होती है, लेकिन दूरी और संसाधनों के अभाव में उन्हें समय पर उपचार नहीं मिल पाता। उन्होंने मंडलायुक्त से मांग की कि मंडल के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित कर प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला अस्पताल में हीमोफीलिया रोगियों के लिए आवश्यक इंजेक्शन एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए, ताकि मरीजों को अपने ही क्षेत्र में उपचार मिल सके और उन्हें अनावश्यक रूप से मेडिकल कॉलेज, बांदा तक न आना पड़े। उन्होंने कहा कि यह विषय गंभीर रोगियों के जीवन एवं स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही की जानी चाहिए। इस अवसर पर रविंद्र नाथ गुप्ता, पिंकी प्रजापति एवं रविकांत तिवारी भी उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages