आवारा जानवर को बचाने के चक्कर में पलटा टेंपो, फल विक्रेता की मौत - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, June 30, 2026

आवारा जानवर को बचाने के चक्कर में पलटा टेंपो, फल विक्रेता की मौत

बांदा, के एस दुबे । बांदा-फतेहपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर बाईपास के निकट एक आवारा जानवर को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में टेंपो के नीचे दबने से एक 25 वर्षीय फल विक्रेता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिंदवारी थाना क्षेत्र के कस्बा श्रीनगर निवासी रमजान का 25 वर्षीय पुत्र शान मोहम्मद बांदा की सब्जी मंडी में ठेलिया लगाकर फल बेचने का काम करता था। मंगलवार की सुबह वह रोजाना की तरह टेंपो में पीछे बैठकर तिंदवारी से बांदा की ओर आ रहा था। जैसे ही टेंपो देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर बाईपास के पास पहुंचा, तभी अचानक मुख्य मार्ग पर एक आवारा जानवर सामने आ गया। चालक ने जानवर को बचाने के लिए टेंपो को तेजी से मोड़ा,


जिससे टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। टेंपो के नीचे दबने के कारण शान मोहम्मद को गंभीर चोटें आईं और उसकी जान चली गई। हादसे में घायल दूसरे यात्री को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मृतक के पिता रमजान ने रुंधे गले से बताया कि शान उनके पांच बेटों में चौथे नंबर का था और पूरे परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र आर्थिक सहारा था। वह सुबह से शाम तक मेहनत कर परिवार का खर्च चलाता था। परिजनों ने बताया कि इन दिनों शान की सगाई को लेकर भी बातचीत चल रही थी, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। युवक की मौत के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों और मुख्य सड़कों पर आवारा पशुओं की समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है कि सड़कों पर घूम रहे लावारिस पशु लगातार राहगीरों के लिए काल साबित हो रहे हैं, जिन पर प्रशासन को सख्त कदम उठाने की जरूरत है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages