बांदा, के एस दुबे । बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चित्रकूट में अमावस्या के अवसर पर दर्शन करने जा रहे 14 श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी 14 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची देहात कोतवाली पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। हादसे में घायल हमीरपुर जिले के चिकासी थाना क्षेत्र अंतर्गत धरौली गांव निवासी धर्मेंद्र (25) ने बताया कि वे अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अमावस्या के पावन अवसर पर चित्रकूट दर्शन के लिए निकले थे। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे बांदा जिले के
देहात कोतवाली क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 43.6 पर उन्होंने पानी पीने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली को थोड़ी देर के लिए रोका था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक माल लादकर जा रही डीसीएम ने अनियंत्रित होकर ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी।इस सड़क हादसे में एक ही गांव के रहने वाले कुल 14 लोग घायल हुए हैं, ,धर्मेंद्र (25 वर्ष),मधु (35 वर्ष),निधि (26 वर्ष),रामजीता (65 वर्ष),सुंदरी (45 वर्ष),निशा (28 वर्ष),पिंकी (35 वर्ष),शिवानी (20 वर्ष),रोहित (28 वर्ष),मनोज (22 वर्ष),अंशुल (18 वर्ष),मानवेंद्र (27 वर्ष),पवन (32 वर्ष) हादसे के तुरंत बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय देहात कोतवाली पुलिस टीम बल के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज में सभी घायलों का इलाज जारी है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


No comments:
Post a Comment