चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहाड़ी में शनिवार को मोबियस फाउंडेशन के ‘ज्ञान कन्या शक्ति’ कार्यक्रम के अंतर्गत बालिका स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 170 छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य और जीवन कौशल से सशक्त बनाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मोबियस फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष प्रदीप बर्मन ने बताया कि संस्था का लक्ष्य बालिकाओं को आत्मविश्वासी, सक्षम और नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार करना है। शिविर के दौरान छात्राओं की नेत्र जांच, हीमोग्लोबिन जांच, लंबाई और
वजन की जांच की गई। नेत्र परीक्षण के बाद आवश्यकतानुसार 12 छात्राओं को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। आरबीएसके टीम ने छात्राओं को संतुलित और पौष्टिक आहार लेने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने और स्वास्थ्य समस्या की समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित किया। बताया कि जनपद के मऊ, मानिकपुर, शिवरामपुर और पहाड़ी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में इस कार्यक्रम के तहत आरबीएसके टीम और एमओआईसी के सहयोग से प्रत्येक विद्यालय में साल में दो स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ महिला चिकित्सक भी आमंत्रित की जाती हैं, जो बालिकाओं को मासिक धर्म स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, किशोरावस्था में शारीरिक व मानसिक परिवर्तनों से जुड़े विषयों पर जागरूक करती हैं और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करती हैं। इस मौके पर आरबीएसके टीम के नेत्र विशेषज्ञ डॉ शादाब, डॉ अनिल, डॉ. मोनिका, विद्यालय के शिक्षक, कार्यक्रम आयोजिका और जिला समन्वयक आदि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment