जबरन अधिग्रहण पर आंदोलन की चेतावनी
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद इकाई बांदा द्वारा आज चित्रकूट के सर्किट हाउस में अहमद गंज के भूमि स्वामियों को बुलाया गया और जनसुनवाई की गई। जिसमें अहमदगंज के भूमि स्वामियों ने एक स्वर में अपनी जमीन आवास विकास परिषद को देने से मना कर दिया। भूस्वामियों ने कहा कि जिस भूमि को आवास विकास परिषद भूमि अधिग्रहित करने का प्रस्ताव कर रहा है वह मौजा अहमदगंज में स्थित है, यह ना तो बंजर है और न ही कृषि योग्य भूमि है। यह क्षेत्र पूरी तरह से व्यावसायिक गतिविधियों का केंद्र बन चुका है। भूमि स्वामियों ने अधिकारियों को बताया कि इस क्षेत्र में बहुमंजिला भवन, पर्यटकों के लिए होटल, रेस्टोरेंट, पेट्रोल पंप, विद्यालय और कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हैं। इस भूमि के अधिग्रहण से भविष्य में जिले से बड़े निवेश और व्यावसायिक परियोजनाओं के लिए उपयुक्त जमीन उपलब्ध नहीं हो पाएगी। उन्होंने कहा
कि चित्रकूट बहुत ही तेजी से पर्यटन और व्यावसायिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है यदि मुख्य मार्ग से लगी व्यावसायिक भूमि को आवासीय योजना में शामिल किया गया तो नए उद्योग, होटल और अन्य निवेश प्रभावित होंगे इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार का संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने इस व्यावसायिक भूमि को अधिग्रहण से मुक्त रखने तथा परिषद के लिए दूसरी जगह उपयुक्त भूमि चयनित करने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर आवास विकास परिषद द्वारा जबरदस्ती उनकी जमीन का अधिग्रहण किया गया, तो विशाल जनांदोलन किया जाएगा। इस मौके पर राकेश भारद्वाज, उमाशंकर तिवारी, आनंद कुमार मिश्रा, अरुण कुमार अग्रहरि ,मनोज कुमार अग्रहरि, राजीव श्रीवास्तव, बृजेंद्र कुमार शुक्ला, विवेक मिश्रा, रानी पांडेय, वंदना देवी, आशुतोष तिवारी, हरिओम शुक्ला, नीतू पांडेय, कविता गर्ग, साधना अग्रहरि ,रानी मिश्रा, प्रिया मुदगिल, संगीता पांडेय, कृति प्रकाश वर्मा, मंजू वर्मा, सौनक शुक्ला, राम सुमिरन पांडेय आदि ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई।


No comments:
Post a Comment