नाबार्ड समर्थित एक्सपोजर विजिट का शुभारंभ
पैलानी /बांदा, के एस दुबे । किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक खेती से जोड़ने के उद्देश्य से नाबार्ड समर्थित पिपरोदर जलागम योजना के तहत आदर्श ज्ञान विज्ञान विकास संस्थान (AGVVS) द्वारा 25 किसानों के दल को आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (ANDUAT), अयोध्या के अध्ययन भ्रमण के लिए रवाना किया गया। ग्राम पैलानी में आयोजित फ्लैग ऑफ समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, कानाखेड़ा के शाखा प्रबंधक रवेंद्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किसान दल को रवाना किया। इस दौरान संस्था के संरक्षक अजय चौहान एवं अध्यक्ष रवि यादव सहित बैंक के कैशियर नितेश, संस्था के प्रबंधक अभय प्रताप सिंह, जेई महेंद्र पाल, आजाद मोहम्मद और अनुरुद्ध पाल उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि रवेंद्र कुमार ने कहा कि बदलते समय में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक खेती की जानकारी प्राप्त कर उसे अपने खेतों में अपनाना चाहिए, जिससे खेती अधिक लाभकारी, टिकाऊ और आय बढ़ाने वाली बन सके। संस्था के अध्यक्ष रवि यादव ने किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि अध्ययन भ्रमण से प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में उतारकर किसान अपनी उत्पादकता और आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से नई तकनीकों को अपनाने और वैज्ञानिक खेती की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि इस एक्सपोजर विजिट के दौरान किसान आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, अयोध्या में उन्नत कृषि तकनीकों, नवीन कृषि उपकरणों, फसल प्रबंधन, जल संरक्षण और आधुनिक खेती के विभिन्न मॉडलों का अवलोकन करेंगे। इससे उन्हें अपने क्षेत्र में बेहतर खेती अपनाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी।


No comments:
Post a Comment