विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर बांदा में जागरूकता - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, July 30, 2026

विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर बांदा में जागरूकता

अभियान, बाल तस्करी व बाल श्रम के खिलाफ चला सघन अभियान

बांदा, के एस दुबे । विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान ने जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (JRC) के सहयोग से जनपद में मानव तस्करी, बाल तस्करी, बाल श्रम एवं बाल विवाह के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान में पुलिस प्रशासन, रेलवे विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से सहभागिता की। अभियान के तहत रेलवे स्टेशन बांदा पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां यात्रियों और आमजन को पंपलेट, पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से मानव तस्करी और बाल शोषण से जुड़े अपराधों के प्रति जागरूक किया


गया। वहीं इंदिरा नगर स्थित लेबर चौक पर श्रमिकों और स्थानीय नागरिकों को बाल श्रम, बाल विवाह और जबरन मजदूरी के दुष्परिणामों तथा उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। जागरूकता रैली के दौरान लोगों से अपील की गई कि यदि कहीं भी किसी बच्चे या व्यक्ति के साथ मानव तस्करी, बाल तस्करी, बाल श्रम या बाल विवाह जैसी घटना की आशंका हो तो तत्काल इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर दें। अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाती है। कार्यक्रम में श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं और श्रम कार्ड से मिलने वाले लाभों की जानकारी भी पंपलेट के माध्यम से दी गई। साथ ही लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज को जागरूक और सशक्त बनाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ें और बाल तस्करी, बाल श्रम तथा बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाकर बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करें।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages