चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की पर्यावरण गतिविधि के तहत जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता (एनएसपीसी) के पोस्टर का लोकार्पण किया। अभियान का उद्देश्य समाज में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। आरएसएस के पदाधिकारियों ने बताया कि पर्यावरण गतिविधि द्वारा पीपीपी मॉडल (प्लास्टिक हटाओ, पेड़ लगाओ, पानी बचाओ) के अंतर्गत जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही ‘हरित घर योजना’ के तहत पीपीपी मॉडल के अलावा बिजली बचाओ (ऊर्जा संरक्षण) और पंछी संरक्षण (घोंसला, भोजन और पानी की व्यवस्था) पर भी जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। जिनका उद्देश्य समाज में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी
की भावना विकसित करना है। बताया कि एनएसपीसी प्रतियोगिता के अंतर्गत कोई भी भारतीय नागरिक ‘इको मित्रम’ ऐप के माध्यम से भाग ले सकता है। जिसमें 20 प्रश्नों के उत्तर देने पर शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी ई-प्रमाण पत्र प्राप्त किया जा सकता है। इस पहल का उद्देश्य लोगों को खेल-खेल में पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें इसके प्रति संवेदनशील बनाना है। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और घटती हरियाली के बीच यह जरूरी है कि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाए। पौधरोपण, पानी की एक-एक बूंद बचाने, प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करने और पशु-पक्षियों की देखभाल जैसी छोटी-छोटी आदतें बड़े बदलाव की नींव रख सकती हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे ‘इको मित्रम’ ऐप डाउनलोड कर एनएसपीसी में भाग लें और समाज तथा पर्यावरण के प्रति अपनी भूमिका सुनिश्चित करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरा-भरा और सुरक्षित भविष्य दिया जा सके। इस मौके पर प्रांत पर्यावरण संयोजक डॉ. उमेश शुक्ल, जिला पर्यावरण संयोजक राजेश पांडेय, विभाग सह संपक प्रमुख कमलकांत आदि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment