चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : भारतीय जनता पार्टी ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर ‘समरसता संकल्प अभियान’ शुरू करने का निर्णय लिया है। इसे लेकर मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में बैठक आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य ने बताया कि गुरु रविदास का संदेश समानता और भाईचारे का है। यह अभियान गुरु पूर्णिमा एवं महर्षि वेदव्यास जयंती के अवसर पर 29 जुलाई से 29 फरवरी तक चलेगा। 29 जुलाई को सुबह सभी पदाधिकारी मठ-मंदिरों में संतों का स्वागत-सम्मान करेंगे। शाम को प्रत्येक मंदिर में गुरु रविदास के चित्र पर पूजन कर 65 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। अभियान के तहत संत शिरोमणि गुरु रविदास की जन्मस्थली की पावन मिट्टी युक्त कलश का विधिवत वितरण होगा। इसी क्रम में चित्रकूट से अभियान के संयोजक जिला उपाध्यक्ष सुशील वर्मा और सह संयोजक-सोशल मीडिया प्रभारी आशीष रघुवंशी को कलश लाने के
लिए बनारस रवाना किया गया। कलश जिले में आने के बाद प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर जिला टोलियों को विधिवत वितरित किए जाएंगे। पूर्व राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने बताया कि स्थानीय मंदिरों में संत-महात्माओं की उपस्थिति में कलश पूजन, सामूहिक आरती, गुरु वाणी पाठ और भजन-कीर्तन होंगे। समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से समरसता संकल्प, संत सम्मान, प्रसाद वितरण के कार्यक्रम भी होंगे। बैठक का संचालन विपुल प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे, दिनेश तिवारी, पंकज अग्रवाल, अंजू वर्मा, ब्लॉक प्रमुख सुशील द्विवेदी, अरविंद मिश्रा, दिव्या त्रिपाठी, हीरो मिश्रा, मीडिया प्रभारी अर्पित जायसवाल, गौरव करवरिया, श्रीकांत पांडे, प्रमोद पटेल, राजा मिश्रा, रवि गुप्ता, संजय पांडे, माया प्रजापति, अर्चना सिंह, प्रेमलाल वाल्मीकि, शंकर निषाद, आवेश मिश्रा, मोहित मिश्रा और दीपक द्विवेदी आदि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment