चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को अहमदगंज कर्वी में बिना स्वीकृत ले-आउट के विकसित की जा रही दो अवैध प्लाटिंगों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। प्राधिकरण की टीम ने 25 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कराया। प्राधिकरण के अनुसार जिला मुख्यालय से सटे अहमदगंज में आशाराम, रामगोपाल सहित अन्य द्वारा लगभग 10,037 वर्गमीटर तथा सलीम, जैबुननिशा और रेश्माबानो द्वारा करीब 15 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में बिना अनुमति प्लाटिंग की जा रही थी। दोनों मामलों में पहले कारण बताओ नोटिस जारी कर विकास कार्य रोकने और पक्ष रखने का अवसर दिया गया था। संतोषजनक जवाब न मिलने पर ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए गए थे, जिसके अनुपालन में मंगलवार को कार्रवाई की गई। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण की
सीमा में किसी भी प्रकार की प्लाटिंग या निर्माण कार्य मानचित्र और ले-आउट स्वीकृत कराए बिना नहीं किया जा सकता। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बताया कि अब तक जिले में 10 अवैध प्लाटिंगों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण आदेश जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से दो पर मंगलवार को कार्रवाई पूरी कर ली गई। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान मजिस्ट्रेट हिमांशु द्विवेदी, सीतापुर चैकी प्रभारी तथा प्राधिकरण के सहायक अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि जिला मुख्यालय के पुरानी बाजार निवासी अतर्रा छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष रमेश चन्द्र कुरील ने अवैध प्लाटिंग के सम्बन्ध में प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी। इस सम्बन्ध में समाचार पत्र में सूचना भी प्रकाशित की गई थी, जिसे संज्ञान में लेकर प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई की गई। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई को संतोषजनक बताते हुए शेष बचे भूमाफियाओं पर भी कार्रवाई की मांग की है।


No comments:
Post a Comment