विभागीय कार्यशैली पर उठे सवाल
बांदा, के एस दुबे । जिले के विशेष भूमि विभाग से जुड़ी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। तस्वीरों में विभाग में तैनात एक लिपिक कथित तौर पर कार्यालय की टेबल पर लेटकर सेल्फी लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरें सामने आने के बाद सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और कार्यशैली को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। वायरल तस्वीरों में दिखाई दे रहा है कि जिस टेबल पर सामान्यतः सरकारी फाइलें और दस्तावेज रखे जाते हैं, उसी पर कर्मचारी आराम की मुद्रा में लेटकर मोबाइल से सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर इन तस्वीरों को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। सूत्रों के अनुसार संबंधित लिपिक को पूर्व में भी कार्यशैली को लेकर चेतावनी दी जा चुकी है। यह भी दावा किया जा रहा है कि उनके आचरण के चलते उनका पांच वर्ष का
एग्रीमेंट रोका गया था। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में अपने कार्यों के लिए आने वाले नागरिकों को अक्सर घंटों इंतजार करना पड़ता है, ऐसे में इस तरह की तस्वीरें विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती हैं। फिलहाल इस मामले में विशेष भूमि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यदि वायरल तस्वीरें और उनसे जुड़े दावे सही पाए जाते हैं, तो विभागीय कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।


No comments:
Post a Comment