रंगदारी और बंधुआ मजदूरी कराने का आरोप, एसपी से एफआईआर की मांग
बांदा, के एस दुबे । जसपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम गलौली की रहने वाली केतकली कुटार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर शराब ठेके के संचालक और उसके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पुत्र निखिल, जो गांव के शराब ठेके पर सेल्समैन है, को चोरी के झूठे आरोप में प्रताड़ित किया गया, जान से मारने की धमकी दी गई और जबरन बंधुआ मजदूरी कराई जा रही है। शिकायत के अनुसार, 23 जून को पुलिस निखिल को पूछताछ के लिए थाने ले गई थी। अगले दिन जब उसने ठेका खोला तो कैश से 11 हजार रुपये और छह पेटी शराब गायब मिली। इसकी जानकारी ठेकेदार को देने पर उल्टा उसी पर चोरी का आरोप
लगाया गया। आरोप है कि ठेकेदार मुन्ना परिहार, रजत परिहार, राजबहादुर परिहार तथा अन्य लोगों ने निखिल को बुलाकर गाली-गलौज की, राइफल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और रकम व शराब की भरपाई नहीं करने पर पूरे परिवार को गांव से निकालने तथा बंधुआ मजदूरी कराने की धमकी दी।
पीड़िता का आरोप है कि 1 जुलाई को उसके पुत्र को फिर जबरन ठेके पर बुलाया गया और बाद में गांव की बगिया में ले जाकर मारपीट की गई। गला दबाने से वह बेहोश हो गया। घटना से आहत होकर निखिल ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल बांदा में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी लगातार परिवार को धमका रहे हैं, घर में घुसकर डराने का प्रयास करते हैं तथा रंगदारी की मांग करते हैं। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।वही जब पूरे मामले की जानकारी जसपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक से ली गई तो उनका कहना था कि मामले की जांच की जा रही है।


No comments:
Post a Comment