बबेरू/बांदा, के एस दुबे । स्थानीय क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं और किसानों की परेशानियों के समाधान की मांग को लेकर क्षेत्रीय समाजसेवी पीसी पटेल ने शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित 'संपूर्ण समाधान दिवस' में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है । शनिवार दोपहर पीसी पटेल तहसील पहुंचे। उन्होंने बांदा के मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडे और उपजिलाधिकारी अवनीश कुमार से भेंट कर क्षेत्र के विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। समाजसेवी ने अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए समस्याओं के त्वरित निस्तारण की
पुरजोर मांग की है। पीसी पटेल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन मे आग्रह किया गया है। गांवों में घूम रहे निराश्रित अन्ना गौवंश को पकड़कर गौशालाओं में सुरक्षित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। क्षेत्र में व्याप्त बिजली की कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से जनता को निजात दिलाई जाए। गांवों में खोदी गई सड़कों की बदहाल स्थिति को देखते हुए उनका तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाए ताकि आवागमन सुगम हो सके। समाजसेवी पीसी पटेल ने बताया कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रही है, जिसके कारण आम नागरिकों और किसानों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस ज्ञापन को संज्ञान में लेते हुए जल्द ही धरातल पर समाधान करेगा।


No comments:
Post a Comment