सेढू तलैया नाले को 20 फीट चौड़ा करने की मांग, जलभराव से वार्ड बना टापू - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, July 18, 2026

सेढू तलैया नाले को 20 फीट चौड़ा करने की मांग, जलभराव से वार्ड बना टापू

बांदा, के एस दुबे । नगर पालिका परिषद बांदा के वार्ड नंबर-20 में हुई बारिश के बाद जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई है। सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद बाकर ने सेढू तलैया नाले को अतिक्रमण मुक्त कर 20 फीट चौड़ा कराने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि थोड़ी देर की बारिश में ही पूरा क्षेत्र टापू में तब्दील हो गया, कई मकानों में पानी भर गया और सड़कों पर जलभराव होने से राहगीरों व कोचिंग जाने वाले विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


मोहम्मद बाकर ने आरोप लगाया कि वार्ड लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। क्षेत्र में कई सड़कें अब भी कच्ची हैं, नालियां जर्जर एवं कच्ची हैं, अधिकांश गलियों में पेयजल पाइपलाइन नहीं है तथा मार्ग प्रकाश व्यवस्था भी बदहाल है। उनका दावा है कि वार्ड में दो दर्जन से अधिक स्ट्रीट लाइटें खराब या बंद पड़ी हैं, जिनकी शिकायत पिछले तीन महीने से की जा रही है, लेकिन अब तक उन्हें ठीक नहीं कराया गया।

उन्होंने कहा कि पोड़ा बाग, बसंत नगर, सेढू तलैया, हुसैनगंज, शंकर नगर, आजाद नगर, कालूकुआं और ईदगाह रोड सहित आसपास के हजारों घरों का पानी करीब 20 वर्ष पुराने मात्र 4 फीट चौड़े जर्जर नाले से निकाला जाता है, जिससे बारिश के दौरान जलनिकासी पूरी तरह बाधित हो जाती है। नालों से सांप और अन्य जहरीले जीव निकलकर घरों और सड़कों तक पहुंच रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

सामाजिक कार्यकर्ता ने यह भी कहा कि छोटी काली देवी मंदिर के पास स्थित चोक पुलिया की समय पर सफाई नहीं होने से समस्या और गंभीर हो रही है। उन्होंने बताया कि सेढू तलैया नाले के चौड़ीकरण के लिए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को पत्र भी सौंपा गया है। क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि लोहिया पुल से निम्मी पार तक नाले को अतिक्रमण मुक्त कर 20 फीट चौड़ा बनाया जाए, इसके लिए तत्काल बजट स्वीकृत किया जाए तथा एक माह के भीतर निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराया जाए, ताकि शहर को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages