चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टरेट सभागार में ‘जिला उद्योग बंधु‘ की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान विगत माह की कार्यवाहियों की समीक्षा की गई तथा निवेश मित्र पोर्टल, मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद ऋण योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ‘सीएम युवा स्वरोजगार योजना‘ मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बैंकों को सख्त निर्देश दिए कि वित्तीय स्वीकृतियों से संबंधित कोई भी पत्रावली बैंक शाखाओं में लंबित (पेंडिंग) न रहे। उन्होंने लक्ष्य को समय से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिथिलता के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित होती है। बैंकों को निर्देशित किया कि ओडीओपी योजनांतर्गत जितने भी आवेदन पत्र स्वीकृत हो चुके हैं, उनके सापेक्ष एक सप्ताह के
भीतर ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए। सीडीओ को निर्देशित किया कि जिन बैंक शाखाओं में पेंडेंसी अत्यधिक है, उनके प्रबंधकों को पृथक से आहूत कर प्रगति सुधारने के कड़े निर्देश जारी किए जाएं। मेसर्स राधा रानी हॉस्पिटैलिटी (बेड़ी पुलिया, कर्वी) के विद्युत कनेक्शन की समस्या का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किए कि एक सप्ताह के भीतर विद्युत कनेक्शन कराएं।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशानुसार प्रदेश के सभी जनपदों में ’‘सरदार वल्लभभाई पटेल इम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन‘’ की स्थापना की जानी है। जनपद चित्रकूट में इस महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन भी किया जाना है ’यह योजना औद्योगिक परिदृश्य के साथ साथ जनपद की तस्वीर को बदलने में अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी’। इसके लिए जनपद मुख्यालय से 20 किलोमीटर की परिधि में 50 एकड़ भूमि का चिन्हांकन किया जाना है। उक्त भूमि हाईटेंशन विद्युत तारों से सर्वथा मुक्त, सुदृढ़ सड़क कनेक्टिविटी तथा सुलभ विद्युत आपूर्ति से युक्त होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने सीडीओ को निर्देशित किया कि भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए समस्त ग्राम प्रधानों को जागरूक व अवगत कराया जाए, ताकि समय से भूमि का हस्तांतरण उद्योग विभाग के पक्ष में किया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) चंद्रशेखर, उपायुक्त उद्योग चंद्र प्रकाश पटेल, पेट्रोलियम एसोसिएशन चित्रकूट के अध्यक्ष गिरीश, जिला महामंत्री (उद्योग व्यापार मंडल) गुलाब गुप्ता, जिला अध्यक्ष (उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल) राजीव अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व उद्यमी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment