पीड़ित पत्रकार की पत्नी ने एसपी से की शिकायत
बांदा, के एस दुबे । शहर के कालू कुआं शंकर नगर थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। एक पत्रकार के घर में कथित तौर पर पांच लोग जबरन घुस आए और उसके साथ मारपीट करते हुए गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर-शराबा सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी भाग निकले। पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पीड़ित प्रदीप कुमार त्रिपाठी उर्फ राजा की पत्नी रानी त्रिपाठी द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, शुक्रवार 24 जुलाई को सुबह करीब 9.30 बजे उनके पति रात में लखनऊ अपने संस्थान के कार्यक्रम से लौटने के बाद घर में सो रहे थे। आरोप है कि
इसी दौरान कथित अवैध जिम संचालक सहित पांच लोग घर का दरवाजा खोलकर अंदर घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उनका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि जब पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची तो उसके साथ भी अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप किया, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद से वह भय और दहशत के माहौल में जी रहा है तथा आरोपियों से लगातार जान का खतरा बना हुआ है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर जान से मारने का प्रयास, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


No comments:
Post a Comment