बांदा, के एस दुबे । अपना दल के प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत मंगलवार को बांदा जिला कलेक्ट्रेट परिसर में जबरदस्त धरना-प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष अमरपाल सिंह पटेल के नेतृत्व में जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अमरपाल सिंह पटेल ने कहा कि प्रदेश का किसान आज दोहरी मार झेल रहा है। एक तरफ उसे फसलों के लिए समय पर खाद नहीं मिल रही है, तो दूसरी तरफ पेट्रोल-डीजल में धड़ल्ले से हो रही इथेनॉल की मिलावट ने आम जनता और किसानों की कमर तोड़ दी है। कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि प्रदेश भर में खाद व उर्वरकों की जमाखोरी और कालाबाजारी करने वाले सिंडिकेट
पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। खरीफ की फसल का सीजन चल रहा है, ऐसे में सभी किसानों को समय पर और निर्धारित सरकारी दरों पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पेट्रोल और डीजल में भारी मात्रा में इथेनॉल मिलाए जाने के कारण किसानों के ट्रैक्टर, सिंचाई पंप और आम नागरिकों के वाहनों के इंजन समय से पहले खराब हो रहे हैं। इस नुकसान को देखते हुए ईंधन में इथेनॉल के मिश्रण पर तुरंत रोक लगाई जाए। यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो अपना दल सड़क से लेकर संसद तक इस लड़ाई को और तेज करेगा। एकदिवसीय धरने में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया, जिनमें मुख्य रूप से शामिल रहे।जयकरन पटेल (प्रदेश सचिव),यशवंत सिंह पटेल (मण्डल अध्यक्ष),संपत सिंह पटेल (मण्डल उपाध्यक्ष),चन्द्रप्रकाश पटेल चन्द्र (युवा मंच मण्डल अध्यक्ष),सौरभ पटेल (युवा मंच जिलाध्यक्ष),महेन्द्र सिंह पटेल (विधानसभा अध्यक्ष, बबेरू),बंशराज पटेल (विधानसभा अध्यक्ष, बांदा),बाबूराम पटेल (विधानसभा अध्यक्ष, नरैनी)इस अवसर पर इनके अलावा सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment