ओवरलोड ट्रकों से राहगीर परेशान
बांदा, के एस दुबे । पैलानी तहसील अंतर्गत जसपुरा थाना क्षेत्र के गौरी कलां में संचालित बालू डंपों पर मानकों की खुलेआम अनदेखी किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि डंपों पर न तो सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है और न ही आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, बालू डंप पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं है और संचालन में निर्धारित नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा। डंप के बाहर और सड़क के दोनों ओर दिनभर ओवरलोड ट्रकों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
बताया जा रहा है कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और राहगीरों को निकलने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार जाम जैसी स्थिति बन जाती है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन और तहसील प्रशासन को स्थिति की पूरी जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। ओवरलोड वाहनों पर अंकुश नहीं लग पाने से नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बालू डंपों की जांच कराई जाए, मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई है।


No comments:
Post a Comment