थाने पर रिपोर्ट न लिखने की शिकायत; एसपी से लगाई गुहार
बांदा, के एस दुबे । जनपद के बबेरू कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सतन्याव निवासी फूलकली पत्नी रामनरायन ने पुलिस अधीक्षक बांदा को प्रार्थना पत्र देकर गांव की चार महिलाओं पर घर में घुसकर मारपीट, सोने की माला व नगदी छीनने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का यह भी कहना है कि घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है, इसके बावजूद कोतवाली बबेरू पुलिस ने न तो मुकदमा दर्ज किया और न ही मेडिकल परीक्षण कराया। पीड़िता के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे वह घर में अकेली सो रही थीं। इसी दौरान गांव की सम्पतिया पत्नी स्व. रघुवीर, शीला पत्नी लवलेश, सुमन पत्नी अखिलेश उर्फ भोले तथा सुजाता पुत्री लवलेश एक राय होकर उनके घर में घुस आईं और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि आरोपित महिलाओं ने उनके गले से करीब 5 ग्राम सोने की माला तथा 1000 रुपये नकद छीन लिए। मारपीट के दौरान छाती पर लात-घूंसों से हमला किया, जिससे अंदरूनी चोटें आईं। शोर सुनकर बचाने पहुंचे जेठ और जेठानी के साथ भी अभद्रता करते हुए उन्हें घसीटते हुए घर तक ले जाया गया। जाते समय आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता का कहना है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने 15 जुलाई को कोतवाली बबेरू में शिकायत दी, लेकिन वहां मौजूद दरोगा ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय उन्हें "एसपी साहब के पास जाओ" कहकर लौटा दिया। उनका आरोप है कि पुलिस ने मेडिकल परीक्षण भी नहीं कराया। महिला ने 16 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक बांदा को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच, मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


No comments:
Post a Comment