बांदा, के एस दुबे । पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस. की अध्यक्षता में मंगलवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय, बांदा में अपराध एवं कानून-व्यवस्था की मासिक समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में परिक्षेत्र के चारों जनपदों के पुलिस अधीक्षकों ने हिस्सा लिया और अपराध नियंत्रण व लंबित मामलों की समीक्षा की गई। गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल, पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर मृगांक शेखर पाठक, पुलिस अधीक्षक महोबा शशांक सिंह तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर बांदा मेविस टॉक उपस्थित रहीं। बैठक के दौरान माह में घटित प्रमुख अपराधों और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। डीआईजी ने अपराधों की रोकथाम, त्वरित अनावरण और प्रभावी विवेचना
सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान यक्ष ऐप के प्रभावी क्रियान्वयन, हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन, गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी, अग्नि सुरक्षा, मीडिया रिस्पॉन्स, थानों में जब्त वाहनों एवं माल के निस्तारण, जनसुनवाई, सीसीटीएनएस में 60 और 90 दिनों से लंबित विवेचनाओं, ई-साक्ष्य, ई-समन तथा रिकॉर्ड शाखा के कार्यों की प्रगति का भी मूल्यांकन किया गया।
महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति केन्द्रों की कार्यप्रणाली, महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के निस्तारण, ऑपरेशन कन्विक्शन, एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 68-ई एवं 68-एफ के अंतर्गत कार्रवाई, साइबर अपराधों की रोकथाम, आई-गॉट प्रशिक्षण, जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट, ट्रैफिक कंजेशन कम करने की योजना (RTC) तथा टॉप-10 और मफरूर अपराधियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।डीआईजी राजेश एस. ने सभी पुलिस अधीक्षकों को वांछित एवं इनामी अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण, महिला एवं विकास बाल सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी सावन मेले को देखते हुए मंदिरों एवं कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के भी निर्देश जारी किए।


No comments:
Post a Comment