गौमाता को मिले राष्ट्रीय संरक्षण, बने गो मंत्रालय - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, July 18, 2026

गौमाता को मिले राष्ट्रीय संरक्षण, बने गो मंत्रालय

27 जुलाई को होगा कार्यकर्ताओं का कलेक्ट्रेट मार्च

फतेहपुर, मो शमशाद । गौमाता को राष्ट्रीय संरक्षण दिलाने व देश में अलग गो मंत्रालय के गठन की मांग को लेकर चल रहा गौ सम्मान आवाह्न अभियान अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है। अभियान के तहत धर्मेंद्र सिंह जनसेवक को जिला प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान की प्रभारी साध्वी राधिका ने कहा कि जिले में हस्ताक्षर अभियान अपने लक्ष्य के करीब पहुंच चुका है और अब इसे जन-जन का आंदोलन बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। साध्वी राधिका ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य गाय के संरक्षण के लिए राष्ट्रीय कानून बनवाना तथा केंद्र सरकार से अलग गो मंत्रालय की स्थापना कराना है। इसके लिए जिलेभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। फतेहपुर के सैकड़ों विद्यालयों, सामाजिक संगठनों और युवाओं के बीच पहुंचकर हस्ताक्षर कराए गए हैं।

स्थानीय लोगों को पत्रक सौंपते जिला प्रमुख धर्मेन्द्र सिंह जनसेवक।

उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद, गायत्री परिवार, गीता प्रेस गोरखपुर, पतंजलि योगपीठ सहित अनेक धार्मिक एवं सामाजिक संगठन इस अभियान में सहयोग कर रहे हैं। जिला प्रमुख धर्मेंद्र सिंह जनसेवक ने बताया कि अभियान के दूसरे चरण में 27 जुलाई को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा जाएगा। ज्ञापन के साथ प्रत्येक जिले से पांच लाख हिंदू युवाओं और नागरिकों के हस्ताक्षर भेजे जाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को सुबह 8 बजे नहर कॉलोनी से अभियान के कार्यकर्ता एकत्र होकर विशाल जनजागरण यात्रा निकालेंगे। यह यात्रा पटेल नगर होते हुए सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचेगी, जहां जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। अभियान से जुड़े सैकड़ों युवा इस जनआंदोलन को घर-घर तक पहुंचाने में जुटे हैं। अभियान के पदाधिकारियों ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़कर गौ संरक्षण के लिए अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages