वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की भव्य प्रतिमा का हुआ अनावरण
बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बांदा जिले के कालू कुआं चौराहे पर 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महानायिका वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी अवंती बाई ने भारत की आन-बान-शान की रक्षा और देश की स्वाधीनता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका अद्वितीय बलिदान और राष्ट्रप्रेम आज भी हर देशवासी के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है।मुख्यमंत्री ने बांदा में हो रहे चौतरफा विकास की सराहना करते हुए कहा कि लगभग तीन वर्ष पहले भी उन्हें यहाँ दो महत्वपूर्ण प्रतिमाओं के अनावरण का सौभाग्य मिला था। आज वीरांगना अवंती बाई की प्रतिमा की स्थापना से यह गौरवशाली परंपरा और आगे बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि बांदा का सिटी डेवलपमेंट प्लान, विकसित होती चौड़ी सड़कें और अन्य विकास कार्य इस बात का जीवंत प्रमाण हैं कि योजनाबद्ध तरीके से काम करके किसी शहर की पहचान को कैसे बदला जा सकता है। स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को रेखांकित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 1857 में पूरे देश के भीतर आजादी की एक प्रबल ललक थी। बैरकपुर में मंगल पांडे ने क्रांति की जो चिंगारी जलाई थी, उसे मेरठ में धन सिंह गुर्जर, बिठूर कानपुर में तात्या टोपे और झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई ने अपनी वीरता से आगे बढ़ाया। इसी महान और पावन परंपरा में वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी ने भी राष्ट्रधर्म को सबसे ऊपर मानते हुए मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति दे दी।
मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जब समाज में सही और अच्छे नेता चुने जाते हैं, तो देश के महापुरुषों और वीरों को इसी तरह सम्मान मिलता है। यह प्रतिमा केवल एक संरचना नहीं, बल्कि उन नायकों-नायिकाओं के प्रति हमारी कृतज्ञता है जिनके लिए राष्ट्र ही सब कुछ था। उन्होंने प्रतिमा स्थापना के कार्य से जुड़े सभी लोगों और स्थानीय प्रशासन का अभिनंदन किया। इस भव्य अनावरण समारोह के दौरान जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह, बांदा के विधायक प्रकाश द्विवेदी, नरैनी की विधायिका ओममणि वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू राजपूत सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment