बबेरू /बांदा, के एस दुबे । कोतवाली क्षेत्र के मंझिला गांव में बुधवार की दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक 12 वर्षीय किशोरी ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंझिला गांव निवासी पप्पू वर्मा की 12 वर्षीय पुत्री पिंकी देवी ने बुधवार की दोपहर घर के अंदर दरवाजे की चौखट पर साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना के समय परिजन घर के अन्य कार्यों में व्यस्त थे। जब उन्होंने पिंकी को फंदे पर लटका देखा, तो उनके होश उड़ गए। परिजनों की चीख-पुकारसुनकर
आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए, घटना की सूचना पाकर बबेरू कोतवाली पुलिस तत्काल गांव पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बांदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया। इस संबंध में बबेरू कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) संजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। प्राथमिक जांच में आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment