नमामि गंगे योजना के ऑपरेटर पर देर रात हमला, तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, July 8, 2026

नमामि गंगे योजना के ऑपरेटर पर देर रात हमला, तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर

बांदा, के एस दुबे । जनपद के जसपुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रामपुर में नमामि गंगे पेयजल योजना के ऑपरेटर उमाकांत उर्फ संतोष यादव पर देर रात अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। घटना में ऑपरेटर घायल हो गया, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने जसपुरा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे संतोष यादव रोज की तरह पानी की सप्लाई बंद कर कन्या पाठशाला के पास वाल्व बंद करने के बाद पैदल घर लौट रहे थे। जैसे ही वह लाल बहादुर यादव के खेत के पास पहुंचे, तभी राम जानकी मंदिर तालाब की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक आए। आरोप है कि पीछे बैठे एक युवक ने डंडे से उन पर हमला कर दिया। डंडे में तार फंसा होने के कारण वह संतोष


यादव की शर्ट में उलझ गया और हमलावर के हाथ से छूट गया। हमले से संतोष यादव गिर पड़े और उन्हें चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि हमलावर गाली-गलौज करते हुए तांगा मऊ मार्ग की ओर भाग निकले। जाते समय उन्होंने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि, "इस बार बच गए हो, अगली बार नहीं बच पाओगे।" घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में तीनों संदिग्ध एक ही मोटरसाइकिल पर सवार दिखाई दिए हैं। फुटेज में उनके हाथों में डंडे भी नजर आए हैं। हालांकि बाइक की तेज हेडलाइट के कारण चेहरों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है।घटना के संबंध में संतोष यादव ने जसपुरा थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। मामले में हल्का इंचार्ज एसआई धर्मराज ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।



No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages