गड़रिया गांव से प्राचीन पातालेश्वर धाम तक चमचमाती सड़क का निर्माण जारी
4.27 करोड़ रुपए की भारी-भरकम लागत से बन रही इस सड़क का लगभग 50% विकास कार्य हुआ पूरा
20 फरवरी 2026 को शुरू हुआ यह कार्य 19 फरवरी 2027 तक होगा पूरा
बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश के धार्मिक स्थलों को सुगम मार्गों से जोड़कर विकास की राह को लगातार आसान बना रही है। इसी कड़ी में जनपद बांदा के विकास को एक नई गति देते हुए गड़रिया गांव से सुप्रसिद्ध प्राचीन पातालेश्वर धाम (खेवाहन डेरा कैथी) तक चमचमाती सड़क का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। इस सड़क के बन जाने से न केवल क्षेत्र के श्रद्धालुओं को मंदिर दर्शन में आसानी होगी बल्कि स्थानीय ग्रामीणों के लिए भी आवागमन के नए द्वार खुलेंगे।
4.27 करोड़ की लागत से चमकेगी राह
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना की कुल लागत लगभग 4.27 करोड़ रुपये है। इस भारी-भरकम बजट से बनाई जा रही सड़क का लगभग 50 फीसदी विकास कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। वर्तमान में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि यह मार्ग लंबे समय तक टिक सके।
फरवरी 2027 तक सड़क निर्माण को पूरा करने का है तय समय
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस मार्ग का निर्माण कार्य इसी वर्ष 20 फरवरी 2026 को शुरू किया गया था। इस परियोजना को पूरा करने की अंतिम समय-सीमा 19 फरवरी 2027 निर्धारित की गई है और कार्य की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह माना जा रहा है कि तय समय से पहले या समय पर यह चमचमाती सड़क जनता को समर्पित कर दी जाएगी।
क्षेत्र के लोगों ने जताया मुख्यमंत्री योगी का आभार
प्राचीन पातालेश्वर धाम को जोड़ने वाले इस मुख्य मार्ग के बनने से स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। दशकों पुरानी मांग पूरी होने पर क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्थानीय प्रशासन की जमकर सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले इस मार्ग पर कीचड़ और गड्ढों के कारण पातालेश्वर धाम पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर सावन के महीने और त्योहारों पर यहां पैर रखने तक की जगह नहीं होती थी और दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता था। वहीं अब योगी सरकार ने इस समस्या का स्थायी समाधान कर दिया है जिससे क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास भी तेजी से होगा।


No comments:
Post a Comment