उन्नाव के अकरमपुर में ग्राहकों ने की शिकायत, जांच के आदेश
उत्तर प्रदेश, उन्नाव । अकरमपुर स्थित चतुर्भुज पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाने के बाद एक कार और एक मोटरसाइकिल के बंद होने से हड़कंप मच गया। कार सवार युवक ने पेट्रोल में पानी की मिलावट का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित नितिन ने बताया कि उन्होंने दोपहर करीब दो बजे अपनी सिलेरियो कार (UP35 BK 7968) में इसी पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाया था। इसके बाद वह दवा लेने शुक्लागंज जा रहे थे। जाजमऊ पुल के पास पहुंचते ही कार बार-बार बंद होने लगी। शुरुआत में नितिन को लगा कि शायद पेट्रोल कम होने के कारण ऐसा हो रहा है, लेकिन लगातार समस्या आने पर वह कार को लेकर मारुति सुजुकी शोरूम, हुसैन नगर मोड़ पहुंचे। शोरूम में मैकेनिक ने कार की जांच की तो पेट्रोल में पानी मिला होने की बात सामने आई।
इसके बाद नितिन शिकायत लेकर पेट्रोल पंप पहुंचे। हालांकि, पंप कर्मचारियों ने पेट्रोल में किसी तरह की खराबी होने से इनकार किया और कहा कि पंप से गुणवत्तापूर्ण पेट्रोल की आपूर्ति की जाती है। इसी दौरान पंप से पेट्रोल भरवाकर जा रहे एक मोटरसाइकिल सवार की बाइक भी बंद हो गई। कार मालिक का दावा है कि बाइक के पेट्रोल की जांच में भी पानी मिला हुआ पाया गया। इस घटना के बाद पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सप्लाई इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि पेट्रोल का सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़ितों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


No comments:
Post a Comment