विकास विरोधी सोच वालों को जनता करे खारिज
बांदा और बबेरू के लिए 710 करोड़ से अधिक की 229 विकास परियोजनाओं की मिली महा-सौगात
माफियाओं से मुक्त कराई गई 64 हजार एकड़ जमीन
यूपी में बनी मिसाइल से कांप रहा पाकिस्तान:मुख्यमंत्री
बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बुंदेलखंड के बांदा और बबेरू विधानसभा क्षेत्र को विकास की एक बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने यहाँ 710 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने जनता से अपील की कि वे नकारात्मक और विकास विरोधी सोच वाले लोगों को पूरी तरह से खारिज करें। 9 साल पहले के बुंदेलखंड की दुर्दशा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब 2017 में वे मुख्यमंत्री बने, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे सबसे पहले बुंदेलखंड का दौरा करने और वहाँ के लिए काम करने को कहा था।
9 वर्ष पहले बुंदेलखंड का पर्याय पिछड़ापन, पलायन और प्यास बन चुकी थी। यहाँ खनन, लैंड, सैंड, वन और भूमाफिया के साथ डकैतों का ऐसा आतंक था कि किसान अपने खेत में जाने से भी डरता था। लेकिन आज बुंदेलखंड की प्रगति देखकर अंतःकरण से प्रसन्नता होती है। विकास और विरासत के संरक्षण के लिए जो भी प्रोजेक्ट आएगा, उसे लागू कर बुंदेलखंड को धरती का स्वर्ग बनाएंगे। सीएम योगी ने विपक्षी दलों और पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए सचेत किया कि यदि भूमाफिया या डकैत चुनाव जीतेंगे तो व्यापारियों का अपहरण होगा, गरीबों को उजाड़ा जाएगा और युवाओं के हक पर डकैती पड़ेगी।
उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि हमारी डबल इंजन सरकार तुष्टिकरण पर नहीं चलती। सरकार को उपद्रव, कर्फ्यू और गुंडागर्दी बिल्कुल पसंद नहीं है। जो बेटी और व्यापारी की सुरक्षा पर सेंध लगाएगा, उसके लिए यमराज के घर का रास्ता खोल दिया जाएगा। सरकार ने प्रदेश में माफियाओं के कब्जे से 64 हजार एकड़ जमीन खाली कराई है, जिस पर अब उद्योग लग रहे हैं और स्थानीय नौजवानों को रोजगार मिल रहा है।
बुंदेलखंड के शौर्य की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने डिफेंस कॉरिडोर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर यहाँ की नई पहचान हैं। यूपी (बुंदेलखंड) में बनी ब्रह्मोस मिसाइल को जब भारत दागता है, तो पाकिस्तान भी बाप-बाप चिल्लाता है।ष् भारत के जवानों के शौर्य का केंद्र बिंदु अब बुंदेलखंड बन रहा है।
प्रधानमंत्री के ओडीओपी विजन की तारीफ करते हुए सीएम ने बांदा के प्रसिद्ध श्शजर पत्थरश् की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज बड़ी-बड़ी कंपनियाँ नग की जगह बांदा का कीमती शजर पत्थर मंगा रही हैं। एक्सप्रेस-वे के किनारे इंडस्ट्रियल क्लस्टर बनाए जा रहे हैं और बीडा के रूप में बुंदेलखंड को यूपी का सबसे बड़ा औद्योगिक शहर देने जा रहे हैं, जिससे अब दुनिया भर के युवा यहाँ नौकरी मांगने आएंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बांदा की विकास यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म का अवलोकन किया। उन्होंने नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन कराया, गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली दी और बेसिक शिक्षा परिषद के स्टॉल पर बच्चों को चॉकलेट बांटी। जिला प्रशासन की ओर से डीएम अमित आसेरी ने मुख्यमंत्री को शजर पत्थर से निर्मित शिवालय भेंट किया।
मुख्यमंत्री के हाथों मंच पर इन प्रमुख लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया पुष्पा देवी व पूजा आंगनबाड़ी सहायिका नियुक्ति पत्र,रश्मि अग्रवाल व अजीत सिंह मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ,मंजू देवी व भारती सिंह 8.95 करोड़ रुपये से अधिक का चेक,सरोज देवी ई-रिक्शा की चाबी,सुमत देवी सिलाई मशीन,अनिल कुमार मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 5 लाख का चेक,मूरतध्वज ट्रैक्टर की चाबी,मुलायम व अरविंद कुमार आयुष्मान भारत कार्ड,गेनिया मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 5 लाख का चेक,अभिषेक सोनी मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत 7,500 रुपये का चेक,अंशु व रमेश प्रजापति मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की स्वीकृति पत्र व चाबी,रामरतन मुख्यमंत्री माटी कला टूल किट्स योजना के तहत विद्युत चालित चाक प्रमाण पत्र,वंदना गुप्ता नंदिनी कृषक समृद्धि योजना का प्रमाण पत्र,शोभाराम कश्यपरू पक्षी बचाओ कार्य के लिए आपदा विभाग की ओर से सम्मान। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री कुंवर ब्रजेश सिंह, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, नरैनी विधायिका ओममणि वर्मा, विधान परिषद सदस्य डॉ. बाबूलाल तिवारी व जितेंद्र सिंह सेंगर, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, जिलाधिकारी अमित आसेरी और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल सहित शासन-प्रशासन के सभी वरिष्ठ अधिकारी और भारी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित रहा।


No comments:
Post a Comment