एसपी ने पांच टीमों का किया गठन
फतेहपुर, मो शमशाद । हथगांव थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह नहर किनारे गोवंशों के कटे हुए अवशेष मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला तथा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7.30 बजे थाना हथगांव पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम अमिलिहा पाल जाने वाले नहर मार्ग पर कई गोवंशों के कटे हुए अवशेष पड़े हैं। सूचना मिलते ही थाना हथगांव, हुसैनगंज पुलिस तथा छिवलहा चैकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य
![]() |
| घटनास्थल पर जांच-पड़ताल करती पुलिस टीम। |
जुटाए और फॉरेंसिक दृष्टि से आवश्यक कार्रवाई के बाद अवशेषों को जेसीबी की सहायता से नियमानुसार दफना दिया। मामले में छिवलहा चैकी प्रभारी की तहरीर पर थाना हथगांव में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, वहीं संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश बताया और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि घटना के खुलासे के लिए पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। सभी टीमें तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस घटना में शामिल कोई भी व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment