झांसा, नशीला पेय और दुष्कर्म का आरोप; अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी से दहशत
बांदा, के एस दुबे । कोतवाली नगर क्षेत्र में नौकरी दिलाने और मदद का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने नशीला पदार्थ मिला पेय पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो बना लिया। विरोध करने पर मारपीट करते हुए तमंचे के बल पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, वह मूल रूप से बिसंडा थाना क्षेत्र के अलिहा गांव की रहने वाली है और पति से चल रहे विवाद के कारण परेशान थी। करीब दो माह पूर्व बांदा कचहरी में उसकी मुलाकात पूर्व परिचित ललित उर्फ यशवंत सिंह राणा निवासी ग्राम मुरवल, थाना बबेरू से हुई। आरोप है कि आरोपी ने नौकरी दिलाने, जिला पंचायत चुनाव में सहयोग करने, कानूनी मदद और रहने के लिए कमरा दिलाने का भरोसा दिया। उसके झांसे में आकर महिला पल्हरी नहर पटरी स्थित एक मकान में किराए पर रहने लगी।
पीड़िता का आरोप है कि 12 अगस्त 2026 की रात करीब 11:30 बजे आरोपी कोल्ड ड्रिंक और नमकीन लेकर उसके कमरे पर पहुंचा। मना करने के बावजूद उसने जबरन कोल्ड ड्रिंक पिला दी। इसके बाद महिला को चक्कर आने लगे। आरोप है कि उसकी हालत का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर मारपीट की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने घटना का अश्लील वीडियो भी बना लिया। इसके बाद तमंचे के बल पर धमकाते हुए कहा कि पुलिस में शिकायत करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा तथा उसे और उसके परिवार को जान से मार देगा।
धमकी से भयभीत पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर 13 अगस्त 2026 को कोतवाली नगर पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी ललित उर्फ यशवंत सिंह राणा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 123, 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना निरीक्षक प्रभुनाथ यादव को सौंपी गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
आरोपी के पुराने मुकदमे का भी उल्लेख
पीड़िता की ओर से दी गई जानकारी में आरोपी के पूर्व आपराधिक मामले का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि वर्ष 2016 में बबेरू थाने में उसके खिलाफ छेड़छाड़ समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था, जो न्यायालय में विचाराधीन है। हालांकि, इस पुराने मामले की स्थिति और वर्तमान प्रकरण में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस एवं न्यायालयीन अभिलेखों से होना बाकी है।


No comments:
Post a Comment