राज्यमंत्री ने केक काटकर मनाया 75 नवजात बेटियों का जन्मोत्सव - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, August 20, 2026

राज्यमंत्री ने केक काटकर मनाया 75 नवजात बेटियों का जन्मोत्सव

बेटियों को बेबी किट, माताओं को मिला एक पेड़ बेटी के नाम

मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से छह बच्चों को मिले लैपटॉप

फतेहपुर, मो शमशाद । बेटियों के जन्म को उत्सव बनाने और समाज में उनके सम्मान, सुरक्षा व शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महिला कल्याण विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को विकास भवन सभागार में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कन्या जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग कृष्णा पासवान ने केक काटकर नवजात बेटियों का जन्मदिन मनाया और माताओं-बेटियों को अपने हाथों से केक खिलाकर उन्हें दुलारा।

माताओं को बेबी किट वितरित करतीं राज्यमंत्री कृष्णा पासवान। 

कार्यक्रम में जिले की 75 नवजात बच्चियों को बेबी किट वितरित की गई। इसके साथ ही प्रत्येक नवजात कन्या के जन्म पर एक पेड़ बेटी के नाम पहल की शुरुआत करते हुए बच्चियों की माताओं को पौधे प्रदान किए गए। इस दौरान मंत्री ने नवजात बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बेटी अनमोल है और वही भविष्य की डोर है। कन्या जन्म का उत्सव मनाकर ही समान, सुरक्षित और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है। राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने कहा कि बेटियों के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2017 से बेटियों के हित में अनेक योजनाएं लागू की गई हैं। सरकार बेटी के जन्म से लेकर उसकी शिक्षा और विवाह तक विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से बेटियों की शिक्षा और विकास के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिना भेदभाव पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। मंत्री ने माताओं से अपील की कि यदि किसी बच्चे का वजन कम है या वह कमजोर है तो इसे नजरंदाज न करें। नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चे का वजन कराएं तथा गर्भवती महिलाओं और बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं समय से टीकाकरण अवश्य कराएं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड-19 के अंतर्गत छह बच्चों को लैपटॉप भी वितरित किए गए। जिला विकास अधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी ने कन्या जन्मोत्सव पर सभी माताओं और अभिभावकों को बधाई देते हुए विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी, सीएमएस, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा नवजात बच्चियों के अभिभावक मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages