तिरंगे के रंग में रंगा जनपद, नौ मंडलों में गूंजी राष्ट्रभक्ति की गूंज - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, August 11, 2026

तिरंगे के रंग में रंगा जनपद, नौ मंडलों में गूंजी राष्ट्रभक्ति की गूंज

राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ भाजपाइयों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

फतेहपुर, मो शमशाद । आजादी के पर्व से पहले मंगलवार को जनपद राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भारतीय जनता पार्टी के हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले के नौ मंडलों में एक साथ भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। हाथों में तिरंगा लेकर निकले भाजपा कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों में राष्ट्रीय चेतना और राष्ट्र प्रथम का संदेश दिया। यात्राओं में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव समेत पार्टी के जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

तिरंगा यात्रा में भाग लेतीं राज्यमंत्री कृष्णा पासवान।

अमौली मंडल में चैबे के तालाब से अमौली चैराहे तक निकली तिरंगा यात्रा में जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव शामिल हुए। वहीं धाता मंडल में पुष्पा मैरिज हॉल से दीपनारायण चैराहे तक निकली यात्रा में प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक कृष्णा पासवान ने सहभागिता कर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। मंडल प्रभारी प्रवीण सिंह, मंडल अध्यक्ष रामनरायण शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जहानाबाद मंडल में राम-जानकी मंदिर से तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसका नेतृत्व जिला उपाध्यक्ष ने किया। बिंदकी नगर की तिरंगा यात्रा में भी जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने सहभागिता की। खखरेरू मंडल में पनिहा बाबा से खखरेरू नगर तक तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें जिला उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी अपर्णा सिंह गौतम ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रतिभाग किया। भिटौरा मंडल में लाल सिंह तथा हंसवा मंडल में आचार्य कमलेश योगी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। खागा मंडल में अशोक चैराहे से शक्ति माता मंदिर के बीच निकली यात्रा में राज्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक कृष्णा पासवान शामिल हुईं। वहीं मलवां मंडल में रेवाड़ी से महमूदपुर तक निकली तिरंगा यात्रा में स्थानीय विधायक जयकुमार सिंह जैकी ने पहुंचकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि संगठन के दिशा-निर्देश पर मंगलवार को जिले के नौ मंडलों में तिरंगा यात्राएं सफलतापूर्वक आयोजित की गईं, जिनमें सैकड़ों की संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने बताया कि शेष 14 मंडलों में बुधवार 12 अगस्त को निर्धारित समय एवं मार्ग पर तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं में सभी जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिक भी भाग लेंगे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages