पुलिस ने ट्रेनों से लेकर प्लेटफार्म तक खंगाला चप्पा-चप्पा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, August 14, 2026

पुलिस ने ट्रेनों से लेकर प्लेटफार्म तक खंगाला चप्पा-चप्पा

स्वतंत्रता दिवस से पहले आरपीएफ-जीआरपी और पुलिस का हाई अलर्ट

फतेहपुर, मो शमशाद । स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों ने कमर कस ली है। आतंकी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गुरुवार को फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा का बड़ा अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में आरपीएफ, जीआरपी, स्थानीय पुलिस और एलआईयू की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर से लेकर ट्रेनों तक सघन चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

प्लेटफार्म पर जांच-पड़ताल करती पुलिस।

संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, टिकट घर, पार्किंग, प्रवेश और निकास द्वार समेत सभी संवेदनशील स्थानों को बारीकी से चेक किया। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और संदिग्ध नजर आने वाले व्यक्तियों की जांच करने के साथ उनके सामान की भी तलाशी ली गई। इसके बाद स्टेशन पर आने-जाने वाली ट्रेनों में पहुंचकर यात्रियों और उनके सामान की भी सघन जांच की गई। सुरक्षा टीम ने लावारिस वस्तुओं और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी। यात्रियों से अपील की गई कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी और चेकिंग की जा रही है। सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ पुलिस टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं, ताकि स्वतंत्रता दिवस का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जा सके।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages