बांदा, के एस दुबे । ग्राम पंचायत पचनेही, थाना-कोतवाली देहात में 30 अगस्त को हुई भारी बारिश ने तबाही मचा दी। गांव के अंदर की तस्वीरें हालात बयां कर रही हैं। कई गरीब परिवारों के कच्चे मकान भरभराकर गिर गए हैं, दीवारें फट गई हैं और घरों में 2 से 3 फीट तक पानी भर गया है। गांव में एक व्यक्ति पॉलीथीन लपेट कर गली में फावड़े से पानी निकालने के लिए नाली खोद रहा है- मकानों की मिट्टी की दीवारें पूरी तरह से धसक गई हैं, छप्पर और खपरैल गिर गए हैं- एक घर में भूसे और अनाज के ढेर पर पॉलीथीन डालकर बचाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन नीचे रखा अनाज भीग कर खराब हो गया है। अनाज की बोरियां रखे कमरे की दीवार गिर गई है, एक बुजुर्ग अपने टूटे आशियाने के सामने खड़ा है। एक परिवार मलबे पर बैठकर अपने गिरे हुए मकान को देख रहा है।
पीड़ित परिवारों में राजकरन खेंगर, रंजीत खेंगर, मलखान खेंगर, बाबू सिंह, प्रभाकर सोनी, लक्ष्मी साहू, राजू वर्मा, रामशेखर वर्मा, ऋषिकेश तिवारी, दिवाकर सोनी रूपनारायण प्रजापति आदि के नाम सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लेखपाल और सचिव गांव आए थे लेकिन सिर्फ खानापूर्ति कर चले गए, किसी के घर का सही आकलन नहीं किया। सूचना के बाद भी कोई बड़ा अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान गरीब और मजदूर वर्ग को हुआ है। कई परिवार खुले में रहने को मजबूर हैं। समाजसेवी होरीलाल महाराज ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द टीम भेजकर सर्वे कराया जाए और पीड़ितों को मुआवजा व अस्थायी आवास की व्यवस्था की जाए।


No comments:
Post a Comment