बबेरू/बाँदा, के एस दुबे । बबेरू कस्बे के तिंदवारी रोड स्थित मंडी गेट के पास बने एक मंदिर को शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोरों ने मंदिर के अंदर घुसकर मूर्ति की सुरक्षा के लिए लगाए गए कांच को तोड़ दिया, और वहां रखी दान पेटी, करीब 5 से 6 किलो वजनी पीतल का घंटा, पूजा की थाल तथा अन्य आवश्यक पूजा सामग्री चुराकर मौके से फरार हो गए। घटना का खुलासा तब हुआ जब रविवार की सुबह स्थानीय श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने के लिए मंदिर पहुंचे। उन्होंने टूटे हुए कांच और गायब दान पेटी को देखा तो तुरंत
चोरी होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। अब देखना यह होगा कि पुलिस कितने दिनों में इस चोरी की घटना का खुलासा करती है, या फिर पुलिस के हाथ खाली रहेंगे।


No comments:
Post a Comment