पटेल नगर चौराहे पर बुद्धि-शुद्धि यज्ञ कर राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
फतेहपुर, मो शमशाद । झारखंड में छात्र हितों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को एबीवीपी ने प्रदर्शन किया। पटेल नगर चैराहे पर झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बुद्धि-शुद्धि हवन यज्ञ कर राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस बल का प्रयोग कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय दमनात्मक कार्रवाई करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।
![]() |
| पटेलनगर चौराहे पर बुद्धि-शुद्धि यज्ञ करते एबीवीपी के पदाधिकारी। |
वक्ताओं ने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में झारखंड सरकार के कथित दमनात्मक रवैये पर कार्रवाई करने, आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमों की समीक्षा कर उन्हें वापस लेने तथा छात्रों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की गई। चेतावनी दिया कि यदि छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए और दमनात्मक कार्रवाई बंद नहीं हुई तो विद्यार्थी परिषद देश भर में चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करेगा। कार्यक्रम का नेतृत्व व संचालन जिला संयोजक वेदांशी सिंह ने किया। इस दौरान अक्षय त्रिपाठी, प्रशांत दीक्षित, आदित्यांश सिंह, हिमांशु त्रिपाठी, हरिओम, घनश्याम, अनुभव शुक्ला, अंशिका, ऋषि, ओम, सहित तमाम लोग मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment