बाँदा, के एस दुबे । चित्रकूटधाम मंडल बाँदा के प्रसिद्ध कथा व्यास राम प्रताप शुक्ल ‘मानस किंकर’ आगामी 15 से 23 अगस्त तक अमेरिका में आयोजित होने वाली संत मुरारी बापू की श्रीराम कथा में विशेष आमंत्रण पर शामिल होंगे। मानस किंकर 11 अगस्त को न्यूयॉर्क-बोस्टन, अमेरिका के लिए प्रस्थान करेंगे। कार्यक्रम के दौरान हारवर्ड यूनिवर्सिटी में तुलसी जयंती के अवसर पर आयोजित संत मुरारी बापू के श्रीमुख से श्रीराम कथा का श्रवण करने का अवसर भी उन्हें मिलेगा। इसके साथ ही राम प्रताप शुक्ल ‘मानस किंकर’ अपने बुंदेलखंडी अंदाज और वचनों के माध्यम से वहां मौजूद श्रद्धालुओं एवं श्रोताओं को श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे।
मानस किंकर के अमेरिका प्रवास के दौरान न्यूयॉर्क में हडसन नदी क्रूज, स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी और पश्चिमी गोलार्ध के स्काई डेक सहित प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी प्रस्तावित है। 23 अगस्त को श्रीराम कथा के समापन के बाद राम प्रताप शुक्ल बाँदा के लिए वापस प्रस्थान करेंगे। अमेरिका रवाना होने से पूर्व उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और शुभचिंतकों से आशीर्वाद की अपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि सभी के पुण्य प्रेम और आशीष के प्रताप से वे इस महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन पूरी श्रद्धा, निष्ठा और मर्यादा के साथ कर सकें।


No comments:
Post a Comment