चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : तुलसी जन्मस्थली राजापुर में आयोजित होने वाले तुलसी महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कलेक्टरेट सभागार में बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व आयोजन समिति के सदस्यों को सभी तैयारियां समयबद्ध और समुचित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि गोस्वामी तुलसीदास हिंदी साहित्य के महान संत कवि और श्रीराम के अनन्य भक्त थे। उनका जन्म चित्रकूट के राजापुर में हुआ था। महोत्सव में रामचरितमानस पाठ, लोक गायन व विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
डीएम ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व जिला विद्यालय निरीक्षक को राजापुर और आसपास के विद्यालयों के अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कला, पेंटिंग समेत अन्य प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों को प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करने को कहा।
डीएम ने आयोजन स्थल पर उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली। जिस पर समिति ने कार्य संतोषजनक बताया। डीएम ने महोत्सव से पहले सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी व अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत राजापुर को साफ-सफाई, जल संस्थान को पर्याप्त पेयजल व जलापूर्ति तथा विद्युत विभाग को लटकते तार व्यवस्थित कर सुरक्षित एवं सुचारु विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। समिति सदस्यों को नोडल प्रभारी व एसडीएम के साथ समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि महोत्सव भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, एडीएम वित्त एवं राजस्व चंद्रशेखर, एडीएम नमामि गंगे अरुण कुमार, सीओ यामीन अहमद, एसडीएम राजापुर पूजा गुप्ता समेत सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment