बबेरू/बांदा, के एस दुबे । कस्बे के कृष्ण नगर नहर कोठी मोहल्ला में शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहाँ 14 वर्षीय किशोर ने अपने घर के बंद कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।जानकारी के मुताबिक ,14 वर्षीय अमन कुमार पुत्र प्यारेलाल प्रजापति शनिवार की सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खोला , तो पिता प्यारेलाल ने अंदर झांककर देखा। अमन का शव फंदे पर लटका हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुँची और जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता प्यारेलाल ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले पड़ोसी द्वारा उनके बेटे को घर ले जाकर पीटने और दरवाजे का हर्जाना मांगने की बात सामने आई थी। पिता ने किसी तरह बच्चे को समझा-बुझाकर शांत कराया और घर ले आए थे। इसी बात से आहत होकर किशोर ने रात में यह आत्मघाती कदम उठा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक अमन तीन भाइयों में सबसे छोटा था। इस अचानक हुई घटना से मृतक की मां केलापति, भाई प्रीतम और अश्विनी तथा भाभी मीरा देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में बबेरू कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि मौके पर फॉरेंसिक जांच कराई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से मिलने वाली लिखित तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


No comments:
Post a Comment