बिंदकी तहसील में डीएम का छापा, पांच साल पुराने वादों पर कसा शिकंजा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, August 20, 2026

बिंदकी तहसील में डीएम का छापा, पांच साल पुराने वादों पर कसा शिकंजा

एसडीएम-तहसीलदार कोर्ट से लेकर हर पटल की खुली फाइलें

बिना अनुमति पटल बदलने पर रोक; दैवीय आपदा की रिपोर्ट 24 घंटे में तलब

फोटो परिचय- (7) 

फतेहपुर, मो शमशाद । बिंदकी तहसील कार्यालय में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गईं। डीएम ने एसडीएम कोर्ट, तहसीलदार कोर्ट, नायब तहसीलदार कोर्ट समेत विभिन्न पटलों का बारीकी से निरीक्षण कर लंबित मामलों और अभिलेखों की स्थिति परखी। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि पांच साल पुराने वादों को प्राथमिकता के आधार पर गुण-दोष के आधार पर निस्तारित किया जाए और मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

बिन्दकी तहसील का निरीक्षण करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।

औचक निरीक्षण के दौरान डीएम ने नायब तहसीलदारों के क्षेत्र से संबंधित रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने सभी नायब तहसीलदारों को निर्देश दिए कि संबंधित रजिस्टरों को नियमित रूप से स्वयं चेक करें। इसके बाद उन्होंने जनगणना, संग्रह अनुभाग, मिसिलबंद रजिस्टर और स्थापना अनुभाग का भी निरीक्षण किया। लेखपालों की सर्विसबुक अद्यतन कराने के लिए संबंधित पटल सहायक को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने एसडीएम बिन्दकी को तहसील के सभी पटलों का नियमित निरीक्षण कराने के साथ ही सभी पेशकारों की ट्रेनिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि बिना उनकी अनुमति के तहसील स्तर पर किसी भी पटल का परिवर्तन नहीं किया जाएगा। दैवीय आपदा से संबंधित मामलों को लेकर डीएम ने विशेष गंभीरता दिखाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दैवीय आपदा से संबंधित रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रभावित लोगों को समय से राहत एवं सहायता दिलाई जा सके। तहसीलदार कोर्ट के निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभिन्न वादों की फाइलों को देखा। उन्होंने धारा-67 के पुराने वादों का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य लंबित वादों को भी नियमानुसार समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने को कहा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कलेक्ट्रेट कार्यालय से तहसील को प्राप्त होने वाले सभी प्रार्थनापत्रों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने राजस्व अभिलेखों और कार्यालयीन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप राजस्व मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम बिन्दकी, तहसीलदार बिन्दकी समेत संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages