खेत में मिला रोलर चालक अधेड़ का शव - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, August 22, 2026

खेत में मिला रोलर चालक अधेड़ का शव

दो-तीन दिन पुराना बताया जा रहा शव, पीएम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

फतेहपुर, मो शमशाद । औंग थाना क्षेत्र के अकबर खेड़ा गांव में शनिवार की सुबह खेत में अधेड़ रोलर चालक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव सड़क से करीब 25 मीटर दूर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ के बाद शव की पहचान कराई और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए माॅच्र्युरी भेज दिया। प्रथम दृष्टया पुलिस आकस्मिक मौत मान रही है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस बल।

प्रधान विक्रमपुर गोरेलाल ने औंग थाना पुलिस को सूचना दी कि अकबर खेड़ा गांव के बाहर खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शुक्ल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की। इसी दौरान रामपुर गांव निवासी सचिन सिंह ने शव की पहचान अपने मामा राम सिंह पुत्र गंगा सिंह निवासी ग्राम टेनी थाना खागा के रूप में की। बताया गया कि राम सिंह पिछले करीब दस वर्षों से रोलर चलाने का काम करते थे और अकबर खेड़ा से बीकमपुर तक बन रही सड़क पर रोलर चला रहे थे। निर्माणाधीन सड़क के पास ही स्थित एक ट्यूबवेल पर वह रहते थे। परिजनों के अनुसार राम सिंह अविवाहित थे और शराब के आदी होने के साथ बीमारी से भी परेशान चल रहे थे। मृतक के भतीजे रोहित सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर बताया कि राम सिंह करीब दस वर्षों से क्षेत्र में रहकर रोलर चलाने का काम कर रहे थे। कुछ दिनों से उनका पता नहीं चल रहा था। हालांकि परिजनों की ओर से किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए कोई स्पष्ट आरोप नहीं लगाया गया है। प्रभारी निरीक्षक औंग दिनेश कुमार शुक्ल के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आकस्मिक मौत का प्रतीत हो रहा है। फील्ड यूनिट की जांच में शव पर किसी प्रकार के चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। शव को जंगली जानवरों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की बात भी सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही राम सिंह की मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages